हिंदुस्तान में शशि शेखर का पहला दिन काफी व्यस्त रहा। सबसे पहले शोभना भरतीया के साथ बैठक हुई और फिर एचटी मीडिया लिमिटेड के सीईओ राजीव वर्मा के साथ बातचीत और उसके बाद सभी यूनिट हेड्स के साथ बैठक।
यूनिट हेड्स के साथ बैठक में शशि शेखर ने अपने काम करने के तरीके की पहली झलक दी। उन्होंने पूछा कि ख़बरों पर रिपोर्टरों के साथ बैठक कितने बजे होती है? यूनिट हेड्स ने बताया कि बैठक करीब तीन बजे होती है। जिसके बाद उन्होंने कहा कि तीन बजे तक आप लोगों को यह मालूम नहीं होता कि कौन सा रिपोर्टर किस स्टोरी पर काम कर रहा है? यूनिट हेड्स ने बताया कि कुछ रिपोर्टर फोन पर बता देते हैं और कुछ न्यूज़ चैनलों के जरिये पता चल जाता है।
हिंदुस्तान टीम के इस रवैये पर शशि शेखर ने हैरानी जताई और उसके बाद यूनिट हेड्स को पहला काम सौंपा। शशि शेखर ने कहा कि सभी रिपोर्टरं को निर्देश दिया जाए कि वो हर सुबह उनके मोबाइल पर स्टोरी आइडिया एसएमएस करेंगे। हर ख़बर की जानकारी रहनी चाहिए। यह जानकारी भी कि कौन सा रिपोर्टर किस ख़बर पर काम कर रहा है? तभी ख़बर को अच्छी तरह प्रस्तुत किया जा सकेगा।
इसके अलावा न्यूज़ रूम में शशि शेखर ने काम का जायजा लिया। रिपोर्टरों और संपादकीय विभाग के कर्मचारियों से उनका इंड्रोडक्शन हुआ। उसी प्रक्रिया में जब एक के बाद एक तीन क्राइम रिपोर्टरों ने शशि शेखर को अपना परिचय दिया तो उन्होंने पूछा कि यहां कुल कितने क्राइम रिपोर्टर हैं? उन्हें बताया गया कि हिंदुस्तान में दिल्ली में कुल चार क्राइम रिपोर्टर हैं। दफ़्तर में मौजूद लोगों के साथ परिचय के बाद शशि शेखर ने यह भी कहा कि किसी को भी उनसे मिलने की जरूरत महसूस हो तो वो सीधे मिल सकता है।
सूत्रों के मुताबिक अगले कुछ दिन में कई अहम बैठकें होनी हैं। स्थानीय संपादकों के साथ होने वाली बैठक उसी में शामिल हैं। सूत्रों पर यकीन करें तो सभी स्थानीय संपादक बैठक के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं।
((यह रिपोर्ट हिंदुस्तान में काम कर रहे कुछ कर्मचारियों से बातचीत पर आधारित है। हो सकता है कि कुछ बातों को उन्होंने बढ़ा-चढ़ा या फिर दबा कर प्रस्तुत किया हो।))
Recent Comments