हिंदुस्तान से वरिष्ठ पत्रकार जयशंकर गुप्त ने इस्तीफा दे दिया है। वो अब लोकमत समाचार, नागपुर में एक्जीक्यूटिव एडिटर का कार्यभार संभालेंगे। जयशंकर गुप्त काफी सीनियर पत्रकार हैं और हिंदुस्तान से पहले रविवार, नवभारत टाइम्स और इंडिया टुडे जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। जनतंत्र से बातचीत में जयशंकर गुप्त ने इस्तीफ़ा देने की पुष्टि कर दी।
जयशंकर गुप्त ने यह भी साफ किया कि उनके इस्तीफे को हिंदुस्तान में नए समूह संपादक शशि शेखर की नियुक्ति से जोड़ कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि “लोकमत समाचार ज्वाइन करने का फैसला एक महीने पहले ही हो गया था। लेकिन तभी हिंदुस्तान से मृणाल पांडे को जाना पड़ा। उस सूरत में अगर मैं भी इस्तीफ़ा देता तो उसे मृणाल पांडे की विदाई और शशि शेखर की नियुक्ति से जोड़ कर देखा जाता। इसलिए मैंने इस फ़ैसले को एक महीने के लिए टाल दिया।” जयशंकर गुप्त ने यह जानकारी हिंदुस्तान के संपादक शशि शेखर को भी दी। जिसके बाद शशि शेखर ने उन्हें इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए बधाई देन के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
हिंदुस्तान में सत्ता परिवर्तन के बाद यह पहला इस्तीफा है। हालांकि इस इस्तीफे का सत्ता परिवर्तन से कोई लेना-देना नहीं, लेकिन सूत्रों के मुताबिक हिंदुस्तान के कई वरिष्ठ पत्रकार इस वक़्त नौकरियां तलाश रहे हैं। वो भी जो मृणाल पांडे के करीबी रहे हैं और वो भी जिनकी वरिष्ठता और योग्यता को नज़रअंदाज़ कर के मृणाल पांडे ने अपने करीबियों को अहम ओहदे दिए। जयशंकर गुप्त भी भेदभाव के शिकार लोगों में एक रहे हैं। जनतंत्र के ऐसे लोगों की लिस्ट है जो बेहतर विकल्प की तलाश में लगे हैं। उनमें से कुछ से बात भी हुई है। उन्होंने बताया है कि जैसे ही बढ़िया ऑफर मिलेगा वो हिंदुस्तान से इस्तीफ़ा दे देंगे।
Recent Comments