न्यूज़ कॉर्प के मालिक रुपर्ट मर्डोक और एसोसिएटेड प्रेस के चीफ टॉम कर्ले ने इंटरनेट पर कंटेंट के लिए पैसे वसूलने की मुहिम तेज कर दी है। इसके लिए उन्होंने गूगल जैसे सर्च इंजनों पर दबाव बढ़ा दिया है। बीजिंग में वर्ल्ड मीडिया सम्मेलन में उन्होंने आक्रामक ढंग से अपनी बात रखी। ख़बरों के मुताबिक सम्मेलन में रुपर्ट मर्डोक और एसोसिएटेड प्रेस के चीफ टॉम कर्ले ने कहा कि गूगल जैसे एग्रीगेटरों और उनके कंटेंट की नकल करने वाली कंपनियों को जल्दी ही उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।
रुपर्ट मर्डोक ने सम्मेलन में मौजूद सभी लोगों से कहा कि वक़्त आ गया है जब इंटरनेट पर मौजूद कंटेंट के लिए पैसे वसूले जाएं। अगर यह तय नहीं किया गया तो इसकी कीमत न्यूज़ कॉर्प जैसी कंपनियां चुकाएंगी जबकि चोर मौज करेंगे। एसोसिएटेड प्रेस के चीफ टॉम कर्ले ने कहा कि अब यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता कि वो पैसे लगा कर और मेहनत के जरिए लोगों के लिए सूचना जमा करे और दूसरे उनकी मेहनत और पैसे के बल पर मुनाफा कमाएं।
हाल के दिनों में यह बहस तेज हुई है कि इंटरनेट पर मौजूद मुफ़्त कंटेंट के लिए पैसे वसूले जाएं। लेकिन यह तब तक मुमकिन नहीं जब तक सभी न्यूज़ कंपनियां मिल कर इस पर कोई समझौता नहीं कर लेती। अगर कुछ कंपनियों ने अपनी तरफ़ से यह नियम लागू किया तो उनकी वेबसाइट पर जाने वाले पाठकों की संख्या में भारी गिरावट होगी। इससे विज्ञापनों के जरिए होने वाली आमदनी पर असर पड़ सकता है।
यही वजह है कि बीते महीने जेम्स मर्डोक ने बीबीसी पर निशाना साधा था और कहा था कि बीबीसी की महत्वाकांक्षाएं सिहरन पैदा करती हैं। जब तक बीबीसी जैसी न्यूज़ संस्थान अपने कंटेंट के लिए पैसे नहीं बसूलेंगी तब तक मर्डोक और एसोसिएटेड प्रेस जैसी कंपनियों का लक्ष्य पूरा नहीं होगा।
Recent Comments