उसका नाम प्रवीण है. वह प्राइवेट टैक्सी का ड्राइवर है. नरोदा पटिया में रहता है. समय बिताना था. हमारी गाड़ी अपने गंतव्य को भागी जा रही थी. अहमदाबाद का नया बसा इलाका- सेटेलाइट सिटी. विकास की दौड़ में भागता शहर. चौडी सड़कें, चौतरफा मॉल से पटा इलाका. एक फाइव स्टार होटल खुल चुका है. चार के और खुलने की योजना है. सड़क बनने का काम हो रहा है. अभी इसके ऊपर फ्लाइओवर बननेवाला है, तब यहां की ट्रैफिक और भी कम हो जाएगी. इसरो का एक कार्यालय भी उधर दिखा. तब लगा कि एक ज़माने में यह कितना वीरान इलाका रहा होगा. आज यह अहमदाबाद का सबसे मंहगा इलाक़ा है.
अहमदाबाद आना जाना रहता है. पिछले दस बारह साल में इसे बढ़ते, विकसित होते देखा है. लेकिन इधर के कुछ सालों में तो विकास का जैसे कोई रेला आया है. यह भौतिक विकास है और आज इस भौतिकतावाद को हमने विकास का, आधुनिकता का अहम हिस्सा मानते हुए समझ लिया है कि यही विकास है. इसमें बहस की कोई गुंजाइश नहीं है. आप कैसे किसी को कह सकते हैं कि उसके पास अपना एक घर ना हो, घर हो तो उसमें बिजली पानी ना हो, आसपास अच्छी दुकानें ना हों, साफ और चौड़ी सडकें ना हों, घर में टीवी से लेकर सोफा सेट, मोबाइल, आई पॉड तक सभी आधुनिक उपकरण ना हो. यही सब तो विकास है, और क्या चाहिए?
पंद्रह दिन पहले कच्छ इलाके में गई थी. 2002 के भूकंप के बाद वहां के हालात को देख कर लगा ही नहीं कि यहां इतनी बड़ी आपदा आई थी. भुजोरी गांव का कला ग्राम तो अपने आप में एक अद्भुत स्थल है. कुछ नहीं तो बस जाइए, शांति से एक दो घंटे बैठकर आ जाइये. विकास के क्रम में छूटती हैं परम्पराएं, परंपरागत सामान, पहनावा, खान पान, रीति रिवाज़. पूरे कच्छ और कच्छी कढ़ाई के लिए मशहूर भुजोरी गांव में आधुनिक फैशन के कपड़े तो मिले, मगर ठेठ पारंपरिक पहनावा, ठेठ गहने लाख खोजने पर भी नहीं मिले. गुजराती खाना नहीं मिला किसी भी अच्छे होटल में, वही मेनू वाला पंजाबी, चाइनीज़ और दक्षिण भारतीय खाना. यह पूरे देश में है. स्थानीय खाने के लिए आप तरस जाइएगा. विकास की इस गति में पारंपरिक वस्तुओं की बलि चढ़ती रही है.
हिन्दुस्तान में साम्प्रदायिक दंगे देश का सबसे बडा नासूर है. गुजरात में भी साम्प्रदायिक दंगे होते रहे हैं. पहले जब भी कभी जाना होता था, सुनते आते थे कि इस इलाके में दंगा हुआ, उस इलाके में दंगा हुआ. गोधरा कांड तो गुजरात के मुंह पर एक अमिट छाप की तरह है ही. गोधरा के बाद भी गुजरात का विकास हो रहा है और लोग देख रहे हैं, महसूस कर रहे हैं. गोधरा के बाद भी यहां वही सरकार है. आगे भी शायद वही रहे. आखिर क्यों? इतने दर्दनाक, खौफनाक कांड के बाद भी? ऐक्टिविस्ट, एनजीओ, फिल्म मेकर्स कुछ दूसरी तस्वीरें बताते हैं, यहां की एक आम जनता कुछ दूसरी. एक कहता है, “सड़क इतनी अच्छी बन गई है कि अहमदाबाद से सूरत की दूरी चार घंटे में तय हो जाती है. आईआईएम तो है ही. शिक्षा का स्तर भी पहले से बेहतर हुआ है.”
मैंने प्रवीण से गुजरात के हालात, रहन-सहन, देश दशा पर बात करनी शुरू की. और, उसने बड़ी खुशी-खुशी बताना भी शुरू किया. उसकी बातचीत में कोई राजनीतिक गंध नहीं थी, न ही हालात को छुपाने की कोई मंशा. यह उसकी कहानी है, उसकी ज़बानी. मेरी भी मंशा किसी को उछालने या उसे बेहतर साबित करने की नहीं है.
यहां हालात एकदम सही है. चारों ओर डेवलपमेंट खूब हो रहा है. प्रॉपर्टी का रेट बढ गया है. सड़क देखिए, कितनी अच्छी हो गई है. बिजनेस बढ़ने से होटल भी बढ़े हैं. ये देखिए सेंट लॉरेन होटल. अभी-अभी खुला है. शहर का सबसे बड़ा फाइव स्टार होटल है. इंडिया और श्रीलंका के सारे क्रिकेटर्स यहीं ठहरे हैं.” ओह! जभी कल यहां शाम में खूब भीड़ थी?” “हां, रही होगी. उनलोगों को देखने के लिए. शाम में आते हैं ना. मैं तो तीन दिन से उनलोगों को देख रहा हूं” प्रवीण की आवाज़ में उन सबको देख पाने का गर्व भरा हुआ था.
“तुम्हें कौन क्रिकेटर पसन्द है?”
“मुझे तो मैं ही पसन्द हूं, जब मैं खेलता हूं…. अब तो नहीं खेल पाता हूं. अब मैं काम करने लगा हूं ना. एक संडे मिलता है, उसमें बहुत से काम रहते हैं, जैसे इसी संडे को काम था. बेटी का ड्रेस लेना था, मार्केट जाना था. उसके बाद साहब ने (जिनकी गाड़ी प्रवीण चलाता है) फैमिली के साथ खाने पर बुला लिया. समय कहां मिलता है? ये साहब बहुत अच्छे हैं.
“और यहां की सरकार?”
“वह भी. हमारा जो पूरा इलाका है ना, वह इसी पार्टी का है. हम तो जब भी वोट देंगे, इसी को देंगे.”
“इतना सब होने के बाद भी?”
“देखिए मैडम, वो एक कांड था, हो गया. उसमें भी यहां के लोगों ने कुछ नहीं किया. जो बाहर से आते हैं, दंगे कराते हैं और चले जाते हैं. हां, वो हुआ. उस बार. जो हुआ, वह अच्छा नहीं हुआ, हम जानते हैं. मगर यह हम सबने नहीं कराया है. हमलोग तो अभी भी एक साथ रहते हैं, हमलोगों का काम एक दूसरे के बगैर चल ही नहीं सकता.”
“आपलोग तो अब अलग-अलग बस्ती बना कर रहने लगे हैं, ऐसा हमने सुना है.”
“हां, रहते हैं, मगर अलग हो कर भी एक ही हैं. वो बस्ती के इस पार हैं तो हम उस पार- आमने -सामने. हम सभी एक दूसरे के यहां जाते हैं. एक दूसरे के यहां खाते-पीते हैं. उनके यहां जब शादी होती है, तब वे हमलोगों को बुलाते हैं और हमलोगों के लिए अलग से वेज खाना पकवाते हैं”
“क्या तुमलोग भी ऐसा करते हो कि जब तुम्हारे यहां शादी होती है तो तुमलोग उनसबके लिए अलग से नॉन वेज खाना बनवाओ?”
“नहीं, हमलोग ऐसा नहीं करते हैं. अगर वे लोग कोई मांगते हैं तो हमलोग अलग से शादी के बाद उनके लिए एक पर्टी रखते हैं और उसमें उन सबको नॉन वेज खिलाते हैं. मगर जेनरली कोई मांगता नहीं है. उनलोगों को मालूम रहता है ना कि हमलोग नहीं खाते हैं तो वे लोग कुछ कहते भी नहीं हैं. बस चुपचाप खा लेते हैं.”
“आपके घरों की महिलाएं उनके यहां का खा पी लेती हैं? आम तौर पर आदमी तो उतना भेदभाव नही रखते हैं, जितना कि औरतें?”
“नहीं. नॉनवेज नहीं खाती हैं. हां, हां, बाकी का खाती हैं, चाय नाश्ता करती हैं. नहीं, कोई भेद नहीं करतीं. उनकी औरतें भी हमारे यहां आती हैं तो खा पीकर जाती हैं. दरअसल, मैंने आपको बोला ना कि यहां आपस में हमलोगों का कोई झगड़ा है ही नहीं.”
अपलोगों के धंधे अलग-अलग हैं?”
“हैं, मगर सभी के काम एक दूसरे से जुड़े हुए हैं. अब मैं आपको अपने यहां के धंधे के बारे में बताता हूं. हमलोगों के यहां सिलाई का धंधा होता है और उनलोगों के यहां कढ़ाई का, माने बोले तो लेडीज लोगों का ड्रेस, साड़ी सब रहता है ना. तो कढ़ाई का काम वो लोग करते हैं, और सिलाई का काम हमलोग. अब इसमें कैसे एक दूसरे से अलग हो सकते हैं हमलोग, बताइये आप ही? वैसे ही है. चावल हम उगाते हैं तो पापड़ वो लोग बनाते हैं. अभी तो ये लोग भी इस सरकार को मानने लगे हैं. आप ही देखिए ना, पहले तो हर दस पंद्रह दिन में कहीं ना कहीं दंगा, मार पीट होता ही रहता था. अब आप एक गोधरा को छोड़ दो. लेकिन उसके बाद बोलो तो कहीं भी गुजरात में उसके बाद दंगा नहीं हुआ है. सो अब तो ये लोग भी बोलता है कि बाबा ऐसी ही गोरमिंट चाहिए. सुकून से तो रहने को मिलता है ना.”
“शायद गोधरा के बाद सभी डर गए होंगे?”
“नहीं, ऐसा नहीं है. वे अभी भी हमारे साथ रहते हैं और हम उनके साथ. मेरे कई मुस्लिम दोस्त हैं, वे सभी गरबा में आते हैं, हमारे साथ डांस करते हैं. हम भी उनके ताजिये में जाते हैं. ईद में जाते हैं. मैंने बोला ना कि ये सब काम जो है ना, वो बाहरवालों के हैं. यहां के लोगों की आपस में कोई दुशमनी नहीं है.
“जो रिफ्यूजी कैम्प लगे थे, अभी सब है ही?
“नहीं, सब हट गए. एकाध कोई होगा तो पता नहीं.”
“तो तुम्हें लगता है, यहां सब ठीक है?”
“हां मैडम, सभी ठीक है. आप ही बताओ ना, आप तो खुद ही अपनी आंख से सब देख रही हैं. यहां लोगों को क्या चाहिए? दो रोटी और सुकून की ज़िंदगी. वह मिल रही है.”
संजय बेंगाणी
November 23, 2009 at 10:57 am
आप हमारे शहर की मेहमान थी. अच्छा लगा.