Subscribe by Email

एएनआई को मिलेगी अब यूएनआई से टक्कर

समाचार न्यूज़ एजेंसी यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ इंडिया (यूएनआई) अब टेलीविजन न्यूज़ के कारोबार में कदम रखने जा रही है। एएनआई की तर्ज पर अब यूएनआई ने न्यूज़ चैनलों को विजुअल स्टोरी मुहैया कराने के लिए अपनी सेवा शुरू कर दी है। आज इस सेवा का उद्घाटन किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक यूएनआई का जोर डेवलपमेंटल स्टोरीज पर रहेगा। यानी फिलहाल वो हार्ड न्यूज़ से थोड़ा दूर रह कर फीचर स्टोरीज मुहैया कराएगी। इसके लिए उसने एक टीम तैयार कर ली है। यह सेवा अभी क्षेत्रीय चैनलों को ध्यान में रख कर शुरू की जा रही है। लेकिन भविष्य में योजना बड़े चैनलों की जरूरतों को भी पूरा करने की है।

सूत्रों के मुताबिक यूएनआई ने यशवंत देशमुख से करार किया है। हालांकि यह ख़बरें भी आ रही हैं कि इसमें कुछ और बड़े खिलाड़ी शामिल हैं। वो लोग और कंपनियां कौन हैं इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। लेकिन कुछ जानकार बता रहे हैं कि इसमें मध्य प्रदेश की कुछ मीडिया कंपनियां भी शामिल हैं। सूत्रों ने बताया है कि समझौते के मुताबिक दिल्ली और देश के दूसरे शहरों में मौजूद यूएनआई की जगह का इस्तेमाल किया जाएगा। मतलब जगह यूएनआई की और इस सेवा को चलाने के लिए पैसा बाकी पार्टनर्स का।

नई सेवा का काम भी यूएनआई के अरुण कुमार भंडारी देखेंगे। अरुण कुमार भंडारी यूएनआई के महाप्रबंधक और प्रधान संपादक हैं। यूएनआई देश की सबसे पुरानी न्यूज़ एजेंसियों में से एक है। यूएनआई की स्थापना 1961 में हुई थी। उसकी वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक इस वक़्त उसके पास देश और दुनिया के सौ शहरों में एक हज़ार से ज़्यादा ग्राहक हैं। उसकी सेवा लेने वालों में अख़बारों के अलावा कई रेडियो और टीवी न्यूज़ चैनल शामिल हैं। कई वेबसाइटों में भी यूएनआई की ख़बरों का इस्तेमाल होता है। भारत के अलावा दुनिया के कई बड़े शहरों में उसके संवादताता हैं। 325 स्थाई कर्मचारियों के अलावा यूएनआई के स्ट्रिंगर नेटवर्क में 250 पत्रकार शामिल हैं। यूएनआई को उम्मीद है कि इस नई सेवा से उसे आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिलेगी और न्यूज़ के कारोबार में उसकी पकड़ मजबूत होगी। हालांकि समझौता किन कंपनियों के साथ हुआ है और उस समझौते की शर्तें क्या हैं – इसका खुलासा होना बाकी है। हमें जैसे ही इसके बारे में जानकारी मिलेगी हम आप तक पहुंचाएंगे। अगर आपके पास कोई जानकारी हो तो आप हमसे साझा कर सकते हैं।

Share This Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <strike> <strong>