Subscribe by Email

हिंदुस्तान और अमर उजाला की सर्कुलेशन टीमों में हिंसक झड़प

उत्तर प्रदेश के बरेली में हिंदुस्तान और अमर उजाला की सर्कुलेशन टीमों के बीच हिंसक झड़प हुई है। इस मारपीट में छह लोग घायल हैं। जिनमें से पांच को ज़्यादा चोटें आई हैं। उन्हें बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बरेली में दो महीने पहले ही, नौ अक्टूबर को हिंदुस्तान ने अपना संस्करण लॉन्च किया था। हिंदुस्तान ने रुहेलखंड इलाके के पांच जिलों – बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखिमपुर और बदायूं, को ध्यान में रख कर यह संस्करण शुरू किया। बरेली संस्करण लॉन्च करने से पहले अख़बार की बुकिंग के लिए एक स्कीम शुरू की। जिन लोगों ने बुकिंग कराई उन्हें एक कूपन दिया गया और ये वादा किया गया कि उन्हें एक साल तक हिंदुस्तान पचास फीसदी कम कीमत पर मिलेगा।

सूत्रों के मुताबिक हाल के दिनों में कई पाठकों ने शिकायत की कि कुछ लोग उनसे कूपन वापस मांग रहे हैं। वो कह रहे हैं कि हिंदुस्तान की ये स्कीम ख़त्म हो गई है और एक फ्राइपैन के बदले वो कूपन लौटा दें। तीन दिन पहले कूपन वापस मांगने वाले ऐसे ही एक शख़्स को पकड़ा गया। जिसके बाद हिंदुस्तान की सर्कुलेशन टीम ने निगरानी बढ़ा दी और पाठकों से अपील की गई कि अगर कोई उनसे कूपन मांगे तो इसकी सूचना हिंदुस्तान को दी जाए।

आज दोपहर करीब 12 बजे ऐसी ही एक शिकायत बरेली के प्रेम नगर से मिली। जिसके बाद हिंदुस्तान की टीम वहां पहुंची। बताया जा रहा है कि अमर उजाला सर्कुलेशन टीम के कई लोग वहां पर मौजूद थे और वही कूपन वापस मांग रहे थे। इस पर दोनों टीमों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। फिर गालीगलौज और मारपीट की नौबत आ गई। सूत्रों के मुताबिक इस मारपीट में छह लोग घायल हुए। उनमें से एक को मामूली चोटें आईं। और पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये सभी हिंदुस्तान से जुड़े बताए जा रहे हैं। वो स्थाई कर्मचारी हैं या फिर कॉन्ट्रैक्ट पर, फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है। सूत्रों के मुताबिक अभी तक इस मामले में एफ़आईआर नहीं हुई है। हिंदुस्तान मैनेजमेंट एफ़आईआर कराने पर अभी विचार कर रहा है।

Share This Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <strike> <strong>