वॉयस ऑफ इंडिया के सीनियर प्रोड्यूसर अशोक उपाध्याय नहीं रहे। आज सुबह दफ़्तर में उनकी मृत्यु हो गई। अशोक उपाध्याय करीब तीन-चार हफ्तों से लगातार नाइट शिफ्ट में काम कर रहे थे। आज सुबह उनकी तबीयत कुछ ख़राब हुई। बेचैनी मसहूस हुई। जिसके बाद वो खुली हवा में सांस लेने के लिए दफ़्तर से बाहर निकल आए और कुछ देर के लिए कार में बैठ गए। थोड़ी देर बाद एक जूनियर सहयोगी उन्हें ढूंढते हुए वहां पहुंची। उसने देखा कि वो कार में लेटे हुए हैं। उसके बाद जब मॉर्निंग शिफ्ट की टीम पहुंची तो हैंडओवर के लिए अशोक उपाध्याय को ढूंढा जाने लगा। तब लड़की ने बताया कि वो कार में लेटे हुए हैं और कुछ बोल नहीं रहे। फिर एक साथी वहां पहुंचा और उसने अशोक उपाध्याय को झकझोरा। लेकिन उनकी नींद नहीं टूटी। उसके तुरंत बाद उन्हें मेट्रो अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अशोक उपाध्याय का घर इंदिरापुरम के नीति खंड में है। उनके परिवार में उनकी पत्नी और नौ साल का बेटा है। यह दुखद ख़बर उनके घरवालों को दे दी गई है। उनके भाई मुंबई में रहते हैं और शाम तक वो दिल्ली पहुंच जाएंगे। मृत्यु दफ़्तर में हुई है इसलिए पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अब तक की ख़बर के मुताबिक मृत्यु दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
((अगर आपके पास अशोक उपाध्याय की तस्वीरें और उनसे जुड़ी कुछ यादें हैं और आप उन तस्वीरों और यादों को साझा करना चाहते हैं तो उन्हें indrasamar@gmail.com पर भेज सकते हैं।))
विनीत कुमार
December 25, 2009 at 2:10 pm
ओह…गहरा अफसोस..