Subscribe by Email

संपादकों ने टीवी 5 पर कड़ी कार्रवाई की मांग की

ब्रॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन (बीईए) ने आंध्र प्रदेश के न्यूज़ चैनल टीवी 5 के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग की है। टीवी 5 की एक ग़लत और बेबुनियाद ख़बर की वजह से बीती रात आंध्र प्रदेश में हिंसक वारदात हुई। चैनल ने बताया था कि राजशेखर रेड्डी की मृत्यु हेलीकॉप्टर हादसे में नहीं एक साज़िश की वजह से हुई है और इसके पीछे एक ख़ास शख़्स का हाथ हैं। राजशेखर रेड्डी आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री थे और उनके ही नेतृत्व में राज्य में कांग्रेस को लगातार दूसरी बात सत्ता नसीब हुई थी। इस मामले में पुलिस भी टीवी 5 के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर चुकी है।

बीईए की तरफ़ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आंध्र प्रदेश के “कुछ समाचार चैनलों द्वारा तथ्यरहित और अपुष्ट खबरों का प्रसारण पत्रकारिता के तमाम स्थापित सिद्धांतों और मानदंडों का उल्लंघन है।” यह भी कहा गया है कि “बॉडकास्ट एडिटर्स एसोसिएशन मूल्य आधारित पत्रकारिता का पैरोकार है और जोर देकर कहना चाहता है कि इस तरह का गैर-जवाबदेह और निंदनीय आचरण अस्वीकार्य है और इसे तुरंत रोकना चाहिए।”

गुरुवार को टीवी 5 ने एक रूसी वेबसाइट पर दी गई ख़बर के हवाले से बताया कि राजशेखर रेड्डी के विमान हादसे के पीछे अंबानी का हाथ है। वेबसाइट में यह दावा किया गया था कि कृष्णा गोदावरी बेसिन से निकलने वाले गैस में से आंध्र प्रदेश के हिस्से को कम किया जा रहा था। इसके लिए राजशेखर रेड्डी पर बहुत दबाव था, लेकिन उन्होंने झुकने से इनकार कर दिया। जिसके बाद उनके विमान में ऐसी गड़बड़ी की गई जिससे हादसा हो गया।

इस ख़बर के बाद राजशेखर रेड्डी के समर्थकों ने रिलायंस के आउटलेट पर हमला बोल दिया। निशाना दोनों अंबानी बंधुओं के संस्थानों को बनाया गया। रिलायंस फ्रेश, रिलायंस कम्यूनिकेशन और रिलायंस पेट्रोल पंप – सभी जगह तोड़फोड़ की गई।

बीईए का कहना है कि वो ख़बर चार महीने पुरानी थी। “इस वेबसाइट पर यह खबर उसी दिन छापी गई थी जिस दिन रेड्डी का शव और हेलिकॉप्टर बरामद हुआ था। समाचार चैनलों ने चार महीने बाद बिना कोई पड़ताल किए इस खबर को प्रसारित किया. इस खबर के प्रसारण और उस पर आधारित परिचर्चा के आयोजन का नतीजा राज्य में हिंसक वारदात के रूप में सामने आया।”

Share This Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <strike> <strong>