Subscribe by Email

जॉर्ज की संपत्ति का झगड़ा थाने पहुंचा

जॉर्ज फर्नांडिस और लैला कबीर

जॉर्ज फर्नांडिस और लैला कबीर

समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस की संपत्ति को लेकर शुरू हुआ झगड़ा अब थाने पहुंच गया है। शुक्रवार को जॉर्ज फर्नांडिस की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उनकी पत्नी लैला कबीर उन्हें मैक्स अस्पताल ले गईं। जॉर्ज के जाते ही दिल्ली में जॉर्ज के आधिकारिक आवास 3 कृष्ण मेनन मार्ग में जोरदार हंगामा हुआ। जॉर्ज के कुछ समर्थकों ने जया जेटली और दिल्ली पुलिस के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी की। जिसके बाद पुलिस पहुंची और जॉर्ज के निजी सचिव अनिल हेगड़े समेत तीन लोगों को पहले गिरफ़्तार किया गया और फिर बाद में रिहा कर दिया गया। लेकिन इस पूरे वाकये से घर का विवाद सड़क पर आ गया।

जनतंत्र ने चार जनवरी को यह जानकारी दी थी कि जॉर्ज फर्नांडिस की संपत्ति को लेकर जया जेटली और उनके परिवार के बीच टकराव चल रहा है। तब यह बात घर के भीतर थी और इस विवाद को सुलझाने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन सुलह नहीं हो सकी। जिसके बाद जॉर्ज की पत्नी लैला कबीर और बेटे सुशांत कबीर फर्नांडिस की तरफ से तुगलक रोड थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई। इस शिकायत में जॉर्ज और लैला कबीर के साथ उनके बेटे सुशांत और पोते की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई। लैला कबीर ने आशंका जताई है कि कुछ लोग निजी फायदे के लिए उन्हें नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि जॉर्ज की संपत्ति हड़पने की कोशिश की जा रही है। सुशांत ने भी यह कहा है कि जया जेटली समेत कुछ लोगों को जॉर्ज फर्नांडिस से मिलने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए।

सूत्रों के मुताबिक इस समय जॉर्ज की दो पॉवर ऑफ अटॉर्नी है। एक में जया जेटली को अधिकार दिया या जबकि दूसरी पॉवर ऑफ अटॉर्नी उनके घरवालों के नाम है यानी लैला और सुशांत के नाम है। अब दोनों पक्ष जॉर्ज की आर्थिक विरासत का खुद को वारिस बता रहे हैं।

2009 आम चुनाव के दौरान दिए गए हलफनामे के मुताबिक जॉर्ज फर्नांडिस करोड़ों के मालिक हैं। मुजफ्फरपुर से पर्चा भरते वक़्त जॉर्ज ने अपने हलफनामे में बताया था कि उनके बैंक खातों और सेविंग में करीब सात करोड़ रुपये हैं। इसके अलावा हुबली और बैंगलोर में करीब 10 एकड़ गैर कृषि जमीन है। यह जमीन उन्हें 2006 में उनकी मां से विरासत में मिली थी। सूत्रों की माने तो दक्षिणी बैंगलोर में मौजूद उनकी जमीन की कीमत करोड़ों रुपये (कुछ के मुताबिक और भी अधिक) में है।

इसी संपत्ति को लेकर जॉर्ज के परिवार और जया जेटली के बीच विवाद शुरू हुआ। इस विवाद को सुलझाने के लिए जॉर्ज के भाइयों ने काफी कोशिश की। लेकिन लगता है कि कोई सुलह-सफाई नहीं हो सकी।

Share This Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*

You may use these HTML tags and attributes: <a href="" title=""> <abbr title=""> <acronym title=""> <b> <blockquote cite=""> <cite> <code> <del datetime=""> <em> <i> <q cite=""> <strike> <strong>