अशोक उपाध्याय नहीं रहे। जनतंत्र के साथियों को हमने यह ख़बर दी थी। उन्होंने हमारा और परिवार का साथ बेहद मुश्किल परिस्थितियों में छोड़ा है। हम तो इस सदमे से उबर जाएंगे। हो सकता है कुछ दिन में भूल भी जाएं। यह बात बहुत कठोर है, लेकिन सत्य भी। हो सके तो कभी इत्मिनान से बैठ कर सोचिएगा – कितने साथी कब और किन परिस्थितियों में कहां छूट गए – पता लगाने की कोशिश कीजिएगा। दिमाग पर ज़ोर देने पर हो सकता है वो सभी याद आ जाएं, लेकिन आमतौर पर उनके बिछुड़ने का अहसास नहीं होता।
लेकिन अशोक उपाध्याय के परिवार के लिए इस सदमे से उबरना बहुत मुश्किल है। इसलिए भी कि अथाह दुख में डूबे परिवार को आर्थिक चुनौतियां हर पल अशोक उपाध्याय की कमी का अहसास करा रही हैं। हमारी व्यवस्था और हालात ने साथी अशोक को रोजमर्रा की ज़रूरतों को पूरा करने से अधिक भविष्य के ख़तरनाक पलों के लिए कुछ भी संजोने का मौका नहीं दिया। ऐसे आड़े वक़्त में हमारी और आपकी ज़िम्मेदारी बढ़ जाती है।
कुछ वरिष्ठ साथी इस दिशा में पहल कर रहे हैं। न्यूज़ 24 के मैनेजिंग एडिटर अजीत अंजुम जी फेसबुक पर सभी से लगातार अपील कर रहे हैं। साथ ही यह भी बता रहे हैं कि किन लोगों ने उन तक चेक पहुंचाए हैं। अगर हो सके तो आप भी इस नेक काम में हाथ बटाइए। अपनी सामर्थ्य और सीमा के हिसाब से जितना भी बन पड़े कीजिए। आप चेक अशोक उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय के नाम पर भेज सकते हैं। यह चेक आपको न्यूज़ 24 के दफ्तर में भेजना है।
पता है -
Ajit Anjum
Managing Editor (news 24)
B.A.G Films & Media Ltd
FC-23, Sec 16-A, Film City
Noida (U.P)-201301
Phone: 91-120-3911444/555
फेसबुक पर अजीत अंजुम की अपील
चार जनवरी
वॉयस ऑफ इंडिया के एक टीवी पत्रकार अशोक उपाध्याय की मौत ने एक परिवार को तोड़कर रख दिया है . मुझे पता चला है कि उनके परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं है . उनकी पत्नी अस्थाई टीचर की नौकरी करती हैं , जिनका कांट्रेक्ट इसी महीने खत्म होने वाला है . एक मासूम सा बेटा है और सामने पहाड़ सी जिंदगी . क्या हम -आप मिलकर इस परिवार की कुछ आर्थिक मदद नहीं कर सकते हैं . बूंद -बूंद से घड़ा भरता है . मदद करेंगे आप ?पांच जनवरी
आपमें से उन तमाम लोगों का शुक्रिया , जो मरहूम टीवी पत्रकार अशोक उपाध्याय के परिवार की मदद को आगे आए . मैंने कल फेसबुक पर लिखा था कि उनके परिवार की माली हालत खराब है . उन्हें हमारी मदद की जरूरत है .तीन चार लोगों ने आज उनकी पत्नी के नाम से चेक मेरे पास भिजवाया है. लेकिन इतना काफी नहीं है .आपसे जो भी बन पड़े , करने की कोशिश कीजिए . इस बीच टीवी चैनलों के एडिटर्स भी अपनी तरफ से कुछ मदद करने में जुटे हैं .
छह जनवरी
स्व. टीवी पत्रकार अशोक उपाध्याय के परिवार की मदद के लिए कई लोग सामने आ रहे हैं . ये सिलसिला यूं ही जारी रहा तो हम सब मिलकर उस परिवार के लिए कुछ सार्थक जरूर कर पाएंगे . आज भी साधना न्यूज के शशि रंजन , न्यूज 24 के अखिलेश आनंद , अब्यज की तरफ चेक मिल गया . आप लोगों से अभी भी गुजारिश है , अगर कुछ आर्थिक मदद कर सकते हैं तो , जरूर करिए .
सात जनवरी
आईबीएन -7 के टीवी पत्रकार बृज दुग्गल , न्यूज 24 के एंकर सईद अंसारी और इंडिया न्यूज के टीवी पत्रकार अतुल भाटिया का धन्यवाद . आप तीनों का चेक हमें मिल गया है . वीओआई के मरहूम पत्रकार अशोक उपाध्याय के परिवार की आर्थिक मदद की मुहिम में जो लोग भी मददगार हैं , हम उनके शुक्रगुजार हैं . इंसान अगर इंसान के काम नहीं आएगा तो कौन आएगा?
आईबीएन -7 के स्पोर्टस एंकर दारेन शाहिदी और एक चैनल में काम करने वाले शैल रावत जी की तरफ से हमें चेक मिल गए हैं . आप दोनों का बहुत धन्यवाद . वीओआई में काम करने वाले टीवी पत्रकार अशोक उपाध्याय की मौत के बाद हमने उनके परिवार को कुछ आर्थिक मदद करने की गुजारिश आप लोगों से की थी . कई लोग सामने आए . कुछ लोगों ने चेक भिजवाएं है . आप सबका शुक्रिया .
आखिर में आपसे एक और गुजारिश है। इस अपील को पढ़ कर यूं ही आगे मत बढ़ जाइएगा। हम जानते हैं कि हर बात को यूं ही नज़रअंदाज कर आगे बढ़ जाने की हम सबको आदत सी पड़ती जा रही है। लेकिन कभी-कभार ठहर कर दूसरे का दर्द बांटने से हमारी संवेदनाएं ज़िंदा रहती हैं। ऐसी घड़ी में छोटे से भी सहयोग से अशोक उपाध्याय के परिवार को संघर्ष करने में बड़ी मदद मिलेगी।
Recent Comments