राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों द्वारा ‘राजनीति’ फिल्म की एक पायरेटेड डीवीडी देखे जाने के बाद से परेशान फिल्मकार प्रकाश झा पायरेसी-राजनीति के गठजोड़ पर अपनी अगली फिल्म बनाने की योजना बना रहे हैं।
अपनी सामाजिक-राजनीतिक जागरूकता के लिए ख्यात झा इस मुद्दे को गंवाना नहीं चाहते हैं। झा फिल्म के एक दृश्य में एक फिल्म के अवैध प्रदर्शन का आनंद ले रहे राजनेताओं को दिखाना चाहते हैं। ये राजनेता जो फिल्म देखेंगे वह ‘राजनीति’ ही होगी।
झा कहते हैं, “यह बहुत महत्वपूर्ण है कि राजनेताओं के सामने सही उदाहरण रखा जाए और मैं सिनेमा के जरिए राजनीतिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता पैदा करना चाहता हूं।”
भाजपा विधायकों ने 15 जून को राजस्थान के एक होटल में ‘राजनीति’ की एक पायरेटेड डीवीडी देखी थी।
झा कहते हैं, “जाहिर है कि ये विधायक पायरेटेड डीवीडी और वैध डीवीडी में फर्क नहीं बता सकते।” झा ने उस समय कहा था कि अगर इन विधायकों ने फिल्म देखने की इच्छा जताई होती तो वे उनके लिए ‘राजनीति’ के विशेष प्रदर्शन की व्यवस्था करते।
विधायकों के खिलाफ एक प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है लेकिन झा को एक पायरेटेड डीवीडी के मामले में कानून के प्रभावी होने का कोई भरोसा नहीं है।
वह कहते हैं, “ज्यादा से ज्यादा यही होगा कि जिस होटल में ये विधायक कथित तौर पर डीवीडी देख रहे थे पुलिस उस होटल की तलाशी ले लेगी। वहां उनके द्वारा किए गए गलत काम के कोई सबूत नहीं होंगे। मामला यहीं समाप्त हो जाएगा।”
फिल्म की पायरेटेड डीवीडी देखने वाले विधायकों को झा की एक विशेष उपहार देने की योजना है। वह 79 विधायकों में से प्रत्येक को फिल्म की एक वैध डीवीडी देंगे। दो सप्ताह के अंदर आधिकारिक तौर पर फिल्म की डीवीडी जारी होगी। (आईएएनएस)
Recent Comments